01/06/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
धनबाद जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र के कनकनी पासी पट्टी में रविवार की देर रात अचानक गोली चलने से दहशत फैल गई. रात करीब 11 बजे पासी पट्टी में रहने वाले रवि मिर्धा के घर पर गोली चलाई गई है. रवि एक आउटसोर्सिंग कंपनी में चालक का काम करता है. गोली रवि के घर के लोहे की खिड़की में सटा कर मारी गई जो खिड़की को छेद करते हुए घर में रखे अलमारी में जाकर लगी, जिससे अलमारी का शीशा टूट गया और गोली अलमारी के अंदर फंस गई.घटना में घर वाले बाल-बाल बच गए.अचानक गोली की आवाज सुनकर पूरा परिवार डर के मारे नींद से जग गया. अपनी खिड़की पर गोली का निशान देखकर रवि और उसका परिवार भयभीत है. इधर गोली की आवाज सुनकर बस्ती के लोग भी अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और गोली चलाने वाले की खोजबीन शुरू कर दी. हालांकि तब तक गोली चलाने वाला फरार हो चुका था.गोली किसने और क्यों चलाई इसका पता नहीं चल पाया है. घटना की सूचना मिलते ही लोयाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने घर के अंदर रखी अलमारी से गोली बरामद की. मामले में लोयाबाद थाना प्रभारी पिकु प्रसाद से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है. मामला आपसी विवाद जैसा लग रहा है. जल्द ही घटना का पता लगा लिया जाएगा.