10/06/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
धनबाद : आयुष फाउंडेशन धनबाद के द्वारा अपने इंटर्नशिप कर रहे विद्यार्थियों को ग्रामीण जीवन एवं सामाजिक सरोकारों से परिचित कराने के उद्देश्य से बुधवार को गोरटोप्पा गांव का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।इस दौरान इंटर्न्स को गांव की वास्तविक परिस्थितियों से रूबरू होने तथा समाज के वंचित वर्गों के जीवन को नजदीक से समझने का अवसर मिला।गौरतलब है कि आयुष फाउंडेशन धनबाद पिछले पांच वर्षों से गोरटोप्पा गांव में रह रहे मालाकार परिवार के एक कुनबे के उत्थान हेतु निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा परिवार के सदस्यों का राशन कार्ड बनवाने, बैंक खाता खुलवाने, बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने सहित विभिन्न आवश्यक कार्यों में सहयोग प्रदान किया गया है।भ्रमण के दौरान इंटर्न्स ने गांव के बच्चों के साथ समय बिताया तथा उन्हें ड्राइंग और कविता का प्रशिक्षण दिया। साथ ही बच्चों एवं ग्रामीणों के बीच टॉफी, बिस्किट, खीरा, केला, ड्राइंग कॉपी, रंग तथा कपड़ों का वितरण भी किया गया।इंटर्न्स ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनके दैनिक जीवन, चुनौतियों और आवश्यकताओं की जानकारी भी प्राप्त की। इस अनुभव ने विद्यार्थियों को समाज सेवा के महत्व को समझने और संवेदनशीलता विकसित करने का अवसर प्रदान किया।इस अवसर पर आयुष फाउंडेशन धनबाद की सचिव अर्पिता अग्रवाल, अध्यक्ष गणेश शर्मा, निरुपमा नायक, प्रीतम साव, सिमरन सिंह, अनुष्का दास, अमिताभ दास एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।संस्था ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को समाज के विभिन्न वर्गों से जोड़ने तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रयास जारी रहेगा।