16/06/2026
धनबाद/भूली : भूली ओपी क्षेत्र के आजाद नगर स्थित अमन सोसायटी गेट नंबर-1 में एक बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना हाउस नंबर-135 निवासी शाहनवाज खान के घर में बीती रात हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहनवाज खान ने अपने इलाज के लिए बैंक से 5 लाख रुपये का लोन लिया था, जिसे उन्होंने घर के लॉकर में सुरक्षित रखा था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि चोर घर से लगभग 5 लाख रुपये नकद के अलावा सोने के झुमके और चांदी के कुछ आभूषण भी चोरी कर ले गए।घटना का सबसे अहम पहलू यह है कि चोरी की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति घर में प्रवेश करते और चोरी की घटना को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।घटना की सूचना मिलते ही भूली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मामले की जांच कर रहे एएसआई मनोज ओझा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।वार्ड संख्या-17 के पार्षद इम्तियाज अंसारी ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल भूली ओपी पुलिस को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई।घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।