19/06/2026
धनबाद : सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव के नेतृत्व में मई माह के दौरान जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 2411 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 38,98,050 रुपये का जुर्माना वसूला गया।मई माह में चलाए गए अभियान के दौरान खतरनाक जोन में वाहन पार्क करने के आरोप में 219 तथा गलत पार्किंग करने पर 189 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अलावा फैंसी नंबर प्लेट लगाने वाले 140, बिना नंबर प्लेट के 36, प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन चलाने के आरोप में 1, सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने पर 532, वाहन संबंधी सही जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर 157, अनाधिकृत संचालन के मामले में 3, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 113 तथा अवैध मॉडिफिकेशन वाले 28 वाहनों का चालान काटा गया।अभियान के दौरान वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले 2, प्रदूषण मानकों एवं प्रेशर हॉर्न के उल्लंघन पर 1046, काला शीशा लगाने पर 29, बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के 34, सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करने पर 26, ट्रिपल राइडिंग करने पर 78, बिना हेलमेट के 415 तथा बीमा नहीं होने पर 462 वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए चालान किया गया।एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट कहा है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वैध दस्तावेज अपने साथ रखें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।