20/06/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
लोयाबाद : शनिवार को हुई हल्की बारिश ने एक बार फिर लापरवाही को उजागर कर दिया। वार्ड 8 के कनकनी 4 नंबर चौधरी मोहल्ला के निचला धौड़ा इलाके में मुख्य मार्ग पर जल-जमाव हो गया, जिससे सड़क पर तालाब-सा बन गया।आज दोपहर करीब ढाई बजे हुई हल्की बारिश के कारण चौधरी मोहल्ला जाने वाले मुख्य रास्ते पर भारी जल-जमाव हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले इसी मुख्य सड़क पर नाली का निर्माण कार्य पूरा किया गया था। निर्माण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने बारिश के पानी की निकासी के लिए नाली के नीचे उचित व्यवस्था छोड़ने की मांग की थी। उन्होंने इसकी मौखिक शिकायत वार्ड 8 के पार्षद रामेश्वर तुरी से भी की थी। वही पार्षद ने ठेकेदार के मौजूदगी मे निर्देश देते हुए नाली में 2-3 जगह पानी निकासी के लिए छेद करने को कहा था, लेकिन पार्षद और ठेकेदार दोनों की बातों को मुंशी ने दरकिनार कर नाली का निर्माण बिना किसी निकासी व्यवस्था के पूरा कर दिया गया। जिसकी वजह से आज की हल्की बारिश ने पूरे इलाके की पोल खोल दी। वही जब पार्षद रामेश्वर तुरी से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “हमें इसकी जानकारी मिल गई है। ठेकेदार को निर्देश दे दिया गया है कि जल-जमाव की समस्या को देखते हुए पानी निकासी का उचित रास्ता बनाया जाए।”वही स्थानीय लोगों ने पार्षद से मांग की है कि नाली निर्माण में हुई लापरवाही की जांच हो और जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को बार-बार इस परेशानी का सामना न करना पड़े।