21/06/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
केंदुआ : डीएवी पब्लिक स्कूल कुसुंडा धनबाद में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य अजीत कुमार दूबे के कुशल निर्देशन में विद्यालय प्रांगण में किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलदीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के खेल प्रशिक्षक चंदन कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासनों,प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास किया। योगाभ्यास के दौरान ताड़ासन,वृक्षासन, भुजंगासन,वज्रासन,त्रिकोणासन सहित अनेक महत्वपूर्ण योग मुद्राओं का प्रदर्शन किया गया।वरीय शिक्षक एके तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन एवं आत्मा के संतुलित विकास का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा इसके स्वास्थ्यवर्धक लाभों की जानकारी दी।अंत में सभी ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।