23/06/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
केंदुआ : ईस्ट बसेरिया कोलियरी में मंगलवार को झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन द्वारा ईस्ट बसेरिया कोलियरी अंतर्गत ग्रामीणों एवं श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अभिषेक कुमार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में अजय रवानी, अरविंद नोनिया एवं अजीत चौहान उपस्थित रहे।बैठक में ग्रामीणों ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं जैसे पेयजल, बिजली, प्रदूषण एवं विस्थापन के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से इन समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण आम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।इस अवसर पर मुख्य अतिथि अजय रवानी ने कहा कि कुसुंडा क्षेत्र संख्या-6 के अंतर्गत आने वाली विभिन्न कोलियरियों में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीसीसीएल प्रबंधन ग्रामीणों, मजदूरों एवं रैयतों के प्रति उपेक्षित रवैया अपना रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अपनी कार्यशैली में शीघ्र सुधार नहीं किया गया और जनसमस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन पूरे बीसीसीएल क्षेत्र संख्या-6 में चक्का जाम आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।बैठक में ईस्ट बसेरिया कोलियरी शाखा समिति के गठन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के विकास, श्रमिकों एवं ग्रामीणों के हितों की रक्षा तथा समस्याओं के समाधान के लिए जल्द से जल्द शाखा समिति के गठन पर सहमति व्यक्त की।बैठक में मानिक बाउरी, रवि कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रमिक एवं यूनियन सदस्य उपस्थित थे।यूनियन नेताओं ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर प्रबंधन एवं प्रशासन के समक्ष मजबूती से आवाज उठाई जाएगी।