29/06/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
धनबाद : बैकमोड़ स्थित शांति भवन के मुख्य परिसर में वर्षों से जर्जर हालत में पड़े शौचालय का जीर्णोद्धार कर सोमवार विधिवत उद्घाटन किया गया। परिसर में आयोजित समारोह में समाजसेवी दिलीप सिंह एवं शांति भवन के अध्यक्ष ददन सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नवनिर्मित सुविधा को जनता को समर्पित किया।इस अवसर पर दिलीप सिंह ने स्वच्छता को विकास की पहली सीढ़ी बताते हुए कहा,यह निर्माण कार्य ईंट-सीमेंट से बनी एक संरचना मात्र नहीं है। यह हमारे सामाजिक सरोकार, नागरिक बोध और आने वाली पीढ़ी के स्वास्थ्य के प्रति हमारी जवाबदेही का जीवंत प्रतीक है। जब हम सार्वजनिक सुविधाओं को संवारते हैं, तो वास्तव में हम समाज के चरित्र को संवारते हैं। शांति भवन जैसे प्रतिष्ठित परिसर में यह सुविधा मिलने से यहां आने वाले सैकड़ों लोगों, बुजुर्गों और महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।अध्यक्ष ददन सिंह ने जानकारी दी कि मुख्य परिसर का यह शौचालय बीते कई वर्षों से जर्जर स्थिति में था। छत टूटी थी, दरवाजे गायब थे और गंदगी के कारण इसका उपयोग लगभग बंद हो चुका था। इससे परिसर में होने वाले कार्यक्रमों के दौरान लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था। संस्था के पदाधिकारियों और समाजसेवियों के सहयोग से अब इसे आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनः तैयार किया गया है।उद्घाटन समारोह में सचिव राहुल कुमार सिंह, सह सचिव दिलीप मुखर्जी, रमेश दुबे, दिलीप किशोर, शेखर गुप्ता, समीर सिंह, मदन महतो, राजीव अग्रवाल, गजेंद्र अग्रवाल समेत क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे 'स्वच्छ भारत' अभियान की दिशा में एक सार्थक कदम बताया। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया और परिसर को स्वच्छ बनाए रखने की सामूहिक अपील की गई।