01/07/2026
धनबाद : धनबाद में बुधवार की शाम आई तेज आंधी और बारिश ने तबाही मचा दी।भूली स्थित हिंदुस्तान मलाबल्स एंड फॉर्गिंग्स लिमिटेड यानी जालान फैक्ट्री में आंधी की वजह से छत का बड़ा हिस्सा ताश के पत्ते की तरह उड़ गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई मजदूर इसकी चपेट में नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया।बताया जा रहा है कि घटना के वक्त फैक्ट्री में करीब 40 से 50 मजदूर मेंटेनेंस का काम कर रहे थे। तेज हवा और वज्रपात के बाद अचानक फैक्ट्री की छत का हिस्सा टूटकर नीचे गिरने लगा और छत पर लगे बड़े-बड़े टिन के करकट हवा में उड़ गए।स्थानीय निवासी बजरंगी रवानी ने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज कर मजदूरों से काम कराया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर छत का हिस्सा किसी मजदूर के ऊपर गिर जाता तो बड़ी घटना हो सकती थी।वहीं स्थानीय युवक नितेश ने बताया कि शाम करीब सवा पांच बजे बारिश के दौरान जोरदार वज्रपात हुआ, जिसके बाद फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां उस समय मजदूर मौजूद नहीं थे, जिस वजह से जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में मजदूरों और स्थानीय लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। फिलहाल मलबा हटाने का काम जारी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।बता दें कि जालान फैक्ट्री धनबाद की पुरानी औद्योगिक इकाइयों में शामिल है, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय मजदूर काम करते हैं।