08/07/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
धनबाद : आयुष फाउंडेशन धनबाद के बैनर तले Asian पेंट्स ब्यूटीफुल होम अकादमी के सहयोग से आयोजित 6 दिवसीय निःशुल्क स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग युवाओं के लिए रोजगारपरक कौशल विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्टील गेट स्थित पारुल अकादमिक क्लासेस में प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित किया जा रहा है।इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आधुनिक पेंटिंग तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान देकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए तैयार करना है। प्रशिक्षण में धनबाद के विभिन्न क्षेत्रों से आए 33 युवक एवं युवतियाँ उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। प्रतिभागियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा पेंटिंग, वॉल पेंटिंग, टेक्सचर फिनिश, सतह की तैयारी, रंगों का सही अनुपात, आधुनिक पेंटिंग तकनीक, सुरक्षा मानकों तथा ग्राहकों के साथ पेशेवर व्यवहार जैसी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी जा रही हैं।आज प्रशिक्षण का पाँचवाँ दिन रहा, जिसमें प्रतिभागियों को विशेष रूप से पेंट तैयार करने की सही विधि, रंगों का उचित मिश्रण, विभिन्न सतहों के अनुसार पेंट का चयन तथा पेंट लगाने की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया और विशेषज्ञों से अपने प्रश्नों के समाधान भी प्राप्त किए।इस अवसर पर आयुष फाउंडेशन धनबाद के अध्यक्ष गणेश शर्मा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर और रोजगार योग्य बनाना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में स्किल डेवलपमेंट ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता है। संस्था भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।प्रशिक्षण कार्यक्रम में निरुपमा नायक सहित आयुष फाउंडेशन धनबाद के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।वहीं Asian पेंट्स ब्यूटीफुल होम अकादमी की ओर से सीनियर ट्रेनर कुमार विशाल, प्रिय कुमार, सचिन गोस्वामी एवं विवेक कुमार ने प्रतिभागियों को उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया तथा उन्हें भविष्य में बेहतर करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन कल दिनांक 9 जुलाई 2026 को होगा, जिसमें सभी प्रतिभागियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाणपत्र (Certificate of Completion) प्रदान किए जाएंगे। यह कार्यक्रम युवाओं के कौशल विकास, आत्मनिर्भरता एवं रोजगार सृजन की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है। आयुष फाउंडेशन धनबाद द्वारा शिक्षा से रोजगार तक युवाओं को जोड़ने का यह प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।