03/11/2026
धनबाद : धनबाद जिले के भूली अमन सोसायटी गेट नंबर 1में मंगलवार की अहले सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक कुएं से 22 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान भूली आजाद नगर अमन सोसायटी गेट नंबर 1 निवासी रियाज अंसारी के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही भूली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।दरअसल, भूली अमन सोसायटी गेट नंबर 1 में मंगलवार की सुबह कुएं में एक युवक का शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों को मिली। इसके बाद देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने शव की पहचान करने की कोशिश की। इसी बीच मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान 22 वर्षीय रियाज अंसारी के रूप में की।परिजनों के अनुसार, रियाज अंसारी रविवार को किसी व्यक्ति से बातचीत करते हुए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी काफी खोजबीन की। जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो सोमवार को भूली थाना में गुमशुदगी को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।वहीं, मंगलवार की सुबह कुएं में शव मिलने की सूचना पर परिजन घटनास्थल पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान रियाज अंसारी के रूप में की।मृतक के भाई फैजल अंसारी ने अपने भाई की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए कहा कि उनका भाई रविवार को किसी से बातचीत करते हुए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने काफी खोजबीन की और सोमवार को भूली थाना में लिखित शिकायत भी दी थी। मंगलवार की सुबह शव मिलने की सूचना मिली तो यहां पहुंचे और देखा कि शव उनके भाई रियाज अंसारी का है।मृतक के भाई फैजल अंसारी ने आशंका जताई कि उनके भाई की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।वहीं,स्थानीय निवासी दीपक महतो ने बताया कि कुएं में युवक का शव मिलने की खबर सुनकर गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे थे। काफी देर बाद मृतक के परिजन भी वहां पहुंचे और शव की पहचान रियाज अंसारी के रूप में की गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। हालांकि, युवक की मौत हत्या है या आत्महत्या, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।घटना की सूचना मिलते ही भूली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। फिलहाल युवक की मौत के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर रविवार को घर से निकले रियाज अंसारी की मौत कैसे हुई? क्या यह हत्या का मामला है या फिर कोई अन्य वजह? इन सभी सवालों का जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ पाएगा।