13/11/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
धनबाद : धनबाद लोक आस्था पवित्रता एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर छठव्रती माताओं एवं बहनों के सम्मान, सहयोग और सेवा के संकल्प के साथ झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा द्वारा चलाया जा रहा साड़ी वितरण अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार 13 नवंबर को विधायक राज सिन्हा ने धनबाद विधानसभा के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर हजारों छठव्रती माताओं-बहनों के बीच साड़ी, आम की लकड़ी एवं गंगाजल का वितरण किया।विगत कई वर्षों से विधायक राज सिन्हा छठ महापर्व के अवसर पर इस सेवा अभियान के माध्यम से छठव्रती माताओं-बहनों तक पहुंचकर उनकी पूजा की तैयारियों में सहयोग करते आ रहे हैं। उनका यह प्रयास अब केवल एक वितरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोक आस्था के महापर्व के प्रति सम्मान,सामाजिक समरसता और जनसेवा की भावना का प्रतीक बन चुका है।आज के कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री सिन्हा ने केंदुआ, दुहाटांड़ स्थित वनकाली मंदिर के समीप, मनईटांड़ छठ तालाब पहुंचकर छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।इसके पश्चात उन्होंने मनईटांड़ कुमारपट्टी सरकारी स्कूल के समीप, मनईटांड़ सब्जी बागान, गांधीनगर, रिपब्लिक मार्केट, कोक प्लांट अंबेडकर चौक, सुदामडीह, पाथरडीह, बरारी कोक स्थित दुर्गा मंदिर के समीप एवं गड़ेरिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर छठव्रती माताओं-बहनों के बीच साड़ी, आम की लकड़ी एवं गंगाजल का वितरण किया।विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं ने विधायक श्री सिन्हा का स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में माताएं-बहनें उपस्थित रहीं। विधायक ने सभी से आत्मीय मुलाकात कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं और उनकी पूजा की तैयारियों में सहभागी बने।
इस अवसर पर विधायक श्री राज सिन्हा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी लोक संस्कृति, परंपरा, आस्था, पवित्रता और सामाजिक एकता का अनुपम प्रतीक है।छठव्रती माताओं-बहनों की अटूट श्रद्धा, कठिन तपस्या और समर्पण के प्रति सम्मान प्रकट करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। हमारी कोशिश रहती है कि इस पावन पर्व पर समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर उनकी खुशियों और आस्था के इस महापर्व में सहभागी बन सकें।उन्होंने कहा कि जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य केवल जनप्रतिनिधि की भूमिका निभाना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खड़ा रहना, उनकी आवश्यकताओं को समझना तथा उनके सुख-दुःख में सहभागी बनना है। छठ महापर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अनुशासन, स्वच्छता, त्याग और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।अंत में विधायक श्री सिन्हा ने छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव से समस्त धनबादवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना करते हुए सभी छठव्रती माताओं-बहनों को महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।