24/11/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
पुटकी : धनबाद के मूनिडीह स्थित BCCL कोल वाशरी में मंगलवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग वाशरी की 11वीं मंजिल पर वाइब्रेटिंग स्क्रीन बेल्ट के पास स्थित च्यूट पाइप में लगी। देखते ही देखते आग पाइप की अंदरूनी रबर लाइनिंग तक पहुंच गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया गया। वहीं, इस घटना ने वाशरी की आंतरिक अग्निशमन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।मंगलवार को मूनिडीह कोल वाशरी की 11वीं मंजिल पर अचानक च्यूट पाइप से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आग वाइब्रेटिंग स्क्रीन बेल्ट के पास लगी थी और पाइप के भीतर मौजूद रबर लाइनिंग तक फैल गई। ऊंचाई पर आग लगने के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।इधर, स्थानीय सूत्रों का दावा है कि वाशरी की आंतरिक अग्निशमन व्यवस्था काम नहीं कर रही थी। इसी वजह से आग बुझाने के लिए बाहर से दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यदि यह दावा सही है, तो औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।घटना की जानकारी मिलने के बाद BCCL के महाप्रबंधक विजय कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें भी घटना की जानकारी अभी मिली है और फिलहाल उनके पास इसका विस्तृत विवरण उपलब्ध नहीं है।फिलहाल दमकल की टीम आग बुझाने में जुटी रही। वाशरी की 11वीं मंजिल पर आग लगने की इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन संसाधनों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रबंधन की ओर से घटना की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता कब तक चलता है।