26/11/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
धनबाद : धनबाद स्टेशन रोड पर गुरुवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए बुलडोजर से करीब 30 दुकानों को ध्वस्त कर दिया। रेलवे की इस कार्रवाई से वर्षों से सड़क किनारे दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।गुरुवार सुबह धनबाद रेल मंडल के अधिकारी और सुरक्षा बल स्टेशन रोड पहुंचे। इसके बाद सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई दुकानों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया। देखते ही देखते करीब 30 दुकानों को जमींदोज कर दिया गया। अभियान के दौरान किसी तरह का विरोध या बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए रेलवे अधिकारी और सुरक्षा बल के जवान मौके पर तैनात रहे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन रोड के किनारे नगर निगम की ओर से नाली निर्माण और सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जाना है। विकास कार्यों को सुचारू रूप से पूरा कराने के लिए अतिक्रमण हटाना बेहद जरूरी था।इधर, रेलवे की इस कार्रवाई से प्रभावित दुकानदारों की आंखों में मायूसी और भविष्य को लेकर चिंता साफ दिखाई दी। दुकानदारों ने बताया कि वे पिछले करीब 30 वर्षों से यहां दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे और यही उनकी आजीविका का एकमात्र सहारा था। अचानक हुई इस कार्रवाई ने उनकी रोजी-रोटी छीन ली है, जिससे परिवार चलाने का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। प्रभावित दुकानदारों ने रेल प्रबंधक और जिला प्रशासन से पुनः दुकान लगाने की अनुमति देने की गुहार लगाई है, ताकि वे दोबारा अपना रोजगार शुरू कर सकें।