28/11/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
केंदुआ : नगर निगम के वार्ड संख्या-14 स्थित खास कुसुंडा दास बस्ती के प्राथमिक विद्यालय कुसुंडा-5 के नए भवन का शनिवार को शिलान्यास किया गया। धनबाद विधायक राज सिन्हा एवं वार्ड-14 के पार्षद निसार आलम ने संयुक्त रूप से विधिवत शिलान्यास किया। डीएमएफटी (DMFT) मद से बनने वाले इस नए भवन से क्षेत्र के बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राज सिन्हा ने कहा कि विद्यालय का पुराना भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में था, जिससे छोटे बच्चों को पढ़ाई करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब इस जर्जर भवन को तोड़कर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया भवन बनाया जाएगा, साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से बाउंड्री वॉल का भी निर्माण होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि 'स्कूल चलो अभियान' के तहत बेहतर बुनियादी ढांचा मिलने से विद्यालय में बच्चों के नामांकन और उपस्थिति में वृद्धि होगी।वहीं, वार्ड पार्षद निसार आलम ने कहा कि स्कूल की स्थिति बेहद खराब होने के कारण हमेशा किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रहती थी। विधायक की पहल पर आज नए भवन की आधारशिला रखी गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कुल चार नए स्कूल भवनों का निर्माण होना है, जिनका शिलान्यास विधायक द्वारा किया गया है। नए भवन निर्माण की पहल से स्थानीय अभिभावकों और ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है।शिलान्यास समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्यों सहित पोषक क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्य रूप से प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेंद्र प्रसाद महतो, विद्यालय अध्यक्ष पिंकी देवी, शिवा चौहान, सुदामा चौहान, रमेश वर्मा, भूलेंद्र पासवान,शोभा देवी,जगदीश दास,दुर्गा देवी, मुनुर देवी,मोती दास एवं गुड़िया देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।