18/12/2025
AKS डेस्क
धनबाद : सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय धनबाद की ओर से गुरुवार को एक मानवता से प्रेरित सेवा अभियान के तहत बरवा अड्डा टुंडी रोड स्थित लालमणि वृद्धा सेवा आश्रम में आश्रित बुजुर्गों को राशन, कंबल और दैनिक आवश्यक वस्तुएं प्रदान की गईं.इस दौरान बैंक प्रबंधन ने सभी बुजुर्गों के लिए स्नेह और सम्मान से भरपूर माहौल का निर्माण करते हुए उन्हें स्वादिष्ट भोजन भी कराया.कार्यक्रम में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने वृद्धजनों का हालचाल जाना और उनके सुख-दुख में सहभागी बने.बुजुर्गों द्वारा गाए गए भजनों ने पूरे माहौल को आध्यात्मिकता और उल्लास से भर दिया। इस सेवा-सम्मान कार्यक्रम में बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक कुमार पांडेय, मुख्य प्रबंधक चौधरी जय प्रकाश, मुख्य प्रबंधक शशि कुमार, शाखा प्रबंधक राजीव कुमार सिंह (धनबाद), दीपेंद्र कुमार (गोविंदपुर), संजय (हीरापुर) सहित सुरक्षा अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौजूद थे.लालमणि वृद्धा सेवा आश्रम के अध्यक्ष नौशाद गद्दी, सुधीर बरनवाल, डॉक्टर डी शरण, रणजीत सिंह, कृष्णा, सुबल, शांति, ओमकार मिश्रा, सुरेंद्र यादव और विजय सहित अन्य प्रतिनिधियों ने इस सेवा कार्य के लिए बैंक के सभी अधिकारियों का हृदय से धन्यवाद किया.उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास बुजुर्गों के लिए आशा की किरण हैं और समाज में सेवा और सहानुभूति की भावना को बढ़ावा देते हैं.इस पहल से साफ पता चलता है कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया न केवल वित्तीय सेवाओं में अग्रणी है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने में भी अग्रसर है। बैंक का यह कदम अन्य संस्थानों के लिए एक प्रेरणा है कि वे भी समाज के कमजोर वर्गों के लिए ऐसी सेवाएं प्रदान करें.बैंक अधिकारियों ने इस प्रकार की सामाजिक गतिविधियों को निरंतर जारी रखने का संकल्प जताया और बुजुर्गों की सेवा में हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया.