10/01/2026
धनबाद जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए धनबाद पुलिस ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के आदेश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एकसाथ विशेष ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसने अड्डाबाजी और सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों में हड़कंप मचा दिया।सुबह से ही विभिन्न थाना प्रभारी अपनी-अपनी टीमों के साथ फील्ड में सक्रिय थे। पुलिस ने उन इलाकों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित किया,जहां पहले अड्डाबाजी,शराब सेवन,झगड़े अथवा असामाजिक तत्वों की जमघट की शिकायतें मिलती रही हैं। पार्क,मैदान,स्कूल परिसर, सुनसान स्थल और सड़क किनारे के कई प्वाइंट्स पर अचानक छापेमारी की गई।अभियान के दौरान पुलिस ने लगातार गश्त और सघन जांच के दौरान 53 से अधिक व्यक्तियों को हिरासत में लिया। कई लोग सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पकड़े गए, जबकि कुछ संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए। सभी को थानों में लाकर पूछताछ की गई तथा उनके खिलाफ कानूनानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अड्डाबाजी अक्सर विवाद, हिंसा, छेड़खानी और अपराध की शुरुआत का कारण बनती है। नशे की हालत में लोग कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती पैदा करते हैं, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा प्रभावित होती है।इस विशेष अभियान के संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि अड्डाबाजी से अपराध की संभावनाएं बढ़ती हैं। जिले में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। असामाजिक गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई से जिलेभर में संदेश गया है कि कानून तोड़ने वालों पर अब कड़ी नजर रखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि इससे सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा वातावरण और मजबूत होगा।