ढाई कट्ठा जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप, महिला ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
धनबाद : भूली आजाद नगर इलाके में जमीन विवाद को लेकर एक महिला ने एक बिल्डर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में रूमाना खातून ने कहा कि पिछले चार वर्षों से एक बिल्डर उनकी जमीन हड़पने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने बताया कि भूली आजाद नगर के पास उनकी करीब ढाई कट्ठा जमीन है, जिस पर बिल्डर की नजर है और लंबे समय से उस पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
रूमाना खातून ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को जब वह अपने परिजनों के साथ जमीन देखने पहुंचीं, उसी दौरान बिल्डर के लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट की। इस घटना के बाद वह और उनका परिवार दहशत में है। उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत धनबाद के एसएसपी, उपायुक्त (डीसी) और स्थानीय थाना में लिखित रूप से की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उन्हें व उनके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। रूमाना खातून ने आशंका जताई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उनकी जमीन पर जबरन कब्जा किया जा सकता है।