08/03/2026
AKS डेस्क
धनबाद : झारखंड के धनबाद में रविवार को पुलिस और अपराधियों के बीच बड़ी मुठभेड़ की खबर सामने आई है। सरायढेला थाना क्षेत्र के फायरिंग रेंज इलाके में पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के गिरोह के शूटर के बीच मुठभेड़ हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रिंस खान गिरोह का एक शूटर इलाके में रंगदारी वसूली के इरादे से पहुंचा था। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी। इसी दौरान अपराधी और पुलिस आमने-सामने हो गए और दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई।मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग का एक शूटर ढेर हो गया, जबकि गोलीबारी में बालमुकुंद (एसआई, सरायढेला थाना) घायल हो गए। घायल अधिकारी को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।घटनास्थल से पुलिस ने हथियार, कारतूस और संदिग्ध सामान बरामद किया है। मुठभेड़ के बाद इलाके में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, क्योंकि गिरोह के अन्य सदस्यों के भी आसपास छिपे होने की आशंका जताई जा रही है।बताया जाता है कि वासेपुर से जुड़े कुख्यात अपराधी प्रिंस खान का गिरोह लंबे समय से धनबाद में रंगदारी, फायरिंग और आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। पुलिस लगातार इस गिरोह के खिलाफ अभियान चला रही है।फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और मामले की जांच जारी है।