23/03/2026
धनबाद : रविवार का दिन एक अनोखी पहल और भावनात्मक जुड़ाव का गवाह बना, जब एसएसपी प्रभात कुमार ने अपने बेटे अतीकर्ष कुमार का जन्मदिन ओल्ड एज होम “लालमणि वृद्धा सेवा आश्रम” के वृद्धजनों के साथ मनाया। यह आयोजन सिर्फ एक जन्मदिन समारोह नहीं था, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान का संदेश देने वाला प्रेरणादायक कदम भी था।इस खास मौके पर अतीकर्ष कुमार ने आश्रम के बुजुर्गों के साथ मिलकर केक काटा और उन्हें अपने हाथों से केक खिलाया। इसके साथ ही उन्होंने सभी से आशीर्वाद लिया, जिससे माहौल भावुक और स्नेहपूर्ण हो गया। एसएसपी प्रभात कुमार और उनकी धर्मपत्नी ने भी वृद्धजनों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर समय बिताया, उनका हालचाल जाना। और अपने बागान से एक बोरा बंधा गोभी, एक बोरा टमाटर एक बोरा बैगन आश्रम को भिजवाया.एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि अपने बेटे का जन्मदिन इस तरह मनाकर उन्हें बेहद खुशी मिली। उन्होंने आश्रम के अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद गद्दी और उनकी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के दौर में जहां कई लोग अपने माता-पिता को छोड़ देते हैं, वहीं यह लोग उन्हें अपने परिवार की तरह सेवा और सम्मान दे रहे हैं, जो अत्यंत सराहनीय है।वहीं आश्रम के अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद गद्दी ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह दिन उनके लिए बेहद खास और यादगार बन गया है। उन्होंने एसएसपी और उनके परिवार का दिल से धन्यवाद दिया।इस कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, विद्यासागर साहनी समेत कई अधिकारी और आश्रम के सदस्य भी उपस्थित रहे। यह आयोजन समाज को एक सकारात्मक संदेश देने में सफल रहा कि खुशियों को बांटने से ही उनकी असली कीमत बढ़ती है।