05/04/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
केंदुआ : केंदुआडीह कोलियरी के गैस प्रभावित इलाके में रविवार को केंदुआ-धनबाद मुख्य मार्ग के किनारे स्थित गेस्ट हाउस के बाउंड्रीवाल सहित आसपास की दुकानों में दरारें पड़ गईं.जिससे दुकानदारों में भय का माहौल बन गया.जानकारी के अनुसार, बाउंड्रीवाल की दीवार से सटी कलीम होंडा नामक मोटरसाइकिल गैराज की तीन दुकानों में अचानक दरारें पड़ गई. मामले की सूचना मिलते ही कोलियरी प्रबंधन हरकत में आया और दुकानदारों से सुरक्षा को प्राथमिकता दे तत्काल दुकान खाली करने का आग्रह किया.स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और कोलियरी प्रबंधन ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बाउंड्रीवाल के पास मिट्टी भराई कराई और करीब 10 दुकानों को सुरक्षा कारणों से बंद करा दिया व क्षेत्र को डेंजर जोन घोषित करते हुए बांस के सहारे घेराबंदी (फेंसिंग) कर दिया.बीसीसीएल प्रबंधन अग्नि प्रभावित इलाके में वैज्ञानिकों के निर्देश पर किए गए बोर होल के माध्यम से लगातार नाइट्रोजन फ्लशिंग किया जा रहा है, ताकि गैस रिसाव और आग को नियंत्रित किया जा सके. गैस प्रभावित इलाके में अभी भी लोग सामान्य स्थिति जान अपने घरों में रह रहे हैं. इस संबंध में पीबी एरिया के जीएम जीसी साहा ने बताया कि पुराने जीएम बंगला के बाउंड्रीवाल में दरार की जानकारी मिली थी.पूरा इलाका अग्नि प्रभावित और भू-धंसान संभावित क्षेत्र है, इसलिए खतरे से इनकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने लोगों से बार-बार सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है. साथ ही सभी संबंधित विभागों को भी मामले की जानकारी देने की बात कही.