06/04/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
केंदुआ : डीएवी पब्लिक स्कूल कुसुंडा धनबाद में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के शुभ अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अजीत कुमार दूबे के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में विद्यालय प्रांगण में वैदिक हवन का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण आयोजन किया गया.हवन के दौरान पूरे परिसर में आध्यात्मिकता एवं सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण व्याप्त हो गया.वैदिक ऋचाओं के उच्चारण के साथ आहुति दी गई.जिससे वातावरण शुद्ध एवं पवित्र बना.इस पावन अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने पूरे श्रद्धाभाव एवं अनुशासन के साथ हवन में सहभागिता निभाई.विद्यार्थियों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा गया.जिससे उनमें भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति जागरूकता और सम्मान की भावना विकसित हुई.हवन का मुख्य उद्देश्य नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ मंगलमय वातावरण में करना तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और शैक्षणिक प्रगति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करना था.इस अवसर पर प्राचार्य अजीत कुमार दूबे ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को नियमितता, अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया.उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारण, समय का सदुपयोग और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है.उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कारों का भी निर्माण करता है और इस प्रकार के वैदिक अनुष्ठान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने विद्यालय की निरंतर प्रगति एवं समस्त विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सामूहिक प्रार्थना की.इस अवसर पर एके तिवारी,अनूप चक्रवर्ती, डॉ.एमके सिंह,आरबी राय,एम श्रीवास्तव,बी.खलखो,आरके सिंह,प्रशांत घोषाल की गरिमामयी उपस्थिति रही.