06/04/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
धनबाद : मूनीडीह स्थित CPP प्लांट में हुए लोहा चोरी के दौरान गैस रिसाव कांड में सोमवार को एक और शव मिलने से मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। प्लांट से कुछ दूरी पर स्थित जंगल से बरामद शव की पहचान केंदुआ निवासी वसीम अंसारी के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मामले में धनबाद के ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने आधिकारिक रूप से पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा लोहा चोरी के दौरान क्लोरीन गैस पाइप काटने से हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ लोग बंद पड़े प्लांट में अवैध रूप से घुसकर कबाड़ काट रहे थे। इसी दौरान गैस पाइप क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे जहरीली क्लोरीन गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया।घटना के समय करीब 10 से 15 लोग वहां मौजूद थे। गैस के प्रभाव से मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि अन्य लोग जान बचाकर भाग निकले। बाद में सर्च अभियान के दौरान चौथा शव जंगल क्षेत्र से बरामद किया गया।ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने रविवार क़ो ही बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं प्रशासन ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और बंद औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।