06/04/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
धनबाद : केंदुआडीह थाना क्षेत्र के शिमलाबहाल स्थित कुमार मंगलम स्टेडियम के समीप कोयला चोरों द्वारा पुलिस अधिकारी पर हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। स्पेशल ब्रांच के एसआई अनुज कुमार एवं उनकी पत्नी काजल कुमारी के साथ बदमाशों ने बेरहमी से मारपीट की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऐना कोलियरी से बीएनआर के लिए कोयला ट्रांसपोर्टिंग के दौरान सक्रिय कोयला चोर हाईवा वाहनों को रोककर खुलेआम कोयला उतार रहे थे। इसी दौरान एसआई अनुज कुमार मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। इससे नाराज अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि पत्नी के सामने ही एसआई की पिटाई की गई। जब उनकी पत्नी काजल कुमारी बचाव के लिए आगे आईं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।घटना की सूचना मिलते ही स्पेशल ब्रांच के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त मार्ग पर दिन-रात कोयला चोरी का खेल खुलेआम चलता है और राहगीरों के सामने ही हाईवा रोककर कोयला उतार लिया जाता है।इधर, मामले में आज दर्ज किए गए फॉलोअप के तहत एसआई की पत्नी काजल कुमारी के बयान पर केंदुआडीह थाना में मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। दर्ज प्राथमिकी में गाड़ी साइड देने को लेकर विवाद के बाद मारपीट की बात सामने आई है।इस संबंध में केंदुआडीह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रमोद पाण्डेय ने बताया कि 9 नामजद सहित 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।