07/04/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
धनबाद : मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर धनबाद के एच. ई. स्कूल कैंपस स्थित आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र में एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग, झारखंड सरकार, असर (asar) और 'आशा किरण युवा संस्थान' के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समुदाय को गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों के प्रति सचेत करना और बचाव के तरीकों से अवगत कराना था।कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों और वक्ताओं ने वर्तमान समय की दो सबसे बड़ी चुनौतियों हीटवेव (लू) और वायु प्रदूषण पर विस्तृत जानकारी साझा की। चर्चा में निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर जोर दिया गया:
हीटवेव: बढ़ते तापमान के कारण स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों, लू के लक्षणों (जैसे सिरदर्द, चक्कर आना, तेज बुखार) और इससे बचाव के लिए हाइड्रेशन व सूती कपड़ों के उपयोग जैसे उपायों के बारे में बताया गया।वायु प्रदूषण: धनबाद जैसे औद्योगिक क्षेत्र में वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर, इसके कारण होने वाली श्वसन संबंधी बीमारियों और मास्क के नियमित उपयोग के महत्व को रेखांकित किया गया।इस कार्यक्रम की सफलता में स्वास्थ्य क्षेत्र के जमीनी योद्धाओं की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सहिया दीदी, आशा कार्यकर्ता और सेविका दीदी उपस्थित थीं। इस कार्यक्रम में वक्ता में धनबाद नगर निगम वार्ड संख्या 27 के पार्षद प्रतिनिधि अंकेक्ष राज , ज्ञान विज्ञान समिति धनबाद के सचिव भोला नाथ राम , डालस के प्रतिनिधि , इसके अलावा विभिन्न जन संगठनों में किसान विकाश ट्रस्ट , नव मानव विकाश कल्याण समिति , ब्राइटर स्टेप फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। आशा किरण युवा संस्थान की सचिव मालती जी ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं और सहिया दीदी समाज की रीढ़ हैं, जो स्वास्थ्य संदेशों को घर-घर तक पहुँचाने में सबसे सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल इलाज नहीं, बल्कि बचाव की संस्कृति विकसित करना है। वायु प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के इस दौर में जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और स्वास्थ्य मानकों का पालन करने की शपथ ली। इस पहल को स्थानीय निवासियों द्वारा काफी सराहा गया।