27/04/2026
कतरास : थाना चौक स्थित सोनारडीह टांडाबाड़ी में हुई हृदयविदारक दुर्घटना के पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा, पुनर्वास और आजीविका उपलब्ध कराने में देरी व आनाकानी के विरोध में आज झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) एवं झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बीसीसीएल प्रबंधन और केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी का पुतला दहन किया गया।प्रदर्शन के दौरान यूनियन के जोनल उपाध्यक्ष रतिलाल टुडू ने मीडिया के माध्यम से बीसीसीएल प्रबंधन को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों का पुनर्वास बाघमारा क्षेत्र में ही सुनिश्चित किया जाए और युद्ध स्तर पर राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने चेताया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रबंधन को जनआक्रोश का सामना करना पड़ेगा।टुडू ने आरोप लगाया कि बीसीसीएल की लापरवाही के कारण क्षेत्र में लगातार सड़क, घर और मानव जीवन प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारियों के भ्रष्टाचार और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही के चलते ऐसी दुर्घटनाएं हो रही हैं।आगे उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही झामुमो का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर इस त्रासदी से अवगत कराएगा।इस मौके पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य डब्ल्यू माथा, प्रखंड अध्यक्ष धीरेन रवानी, प्रखंड सचिव मनसा राम मुर्मू, टुंडी विधायक प्रतिनिधि बिरजू सोरेन, यूनियन एरिया-4 के सचिव रौनक सिन्हा, कतरास नगर सचिव संजय रजवार, शहजाद अंसारी, पंकज दिनकर, ऋतिक सिंह, पारस ठाकुर, अकरम राजा, वकील अंसारी, दिलदार अंसारी, लखन लाल टुडू, रंजन यादव, मन्नू चौहान, रवींद्र रजवार, महादेव दास, प्रवीण शर्मा, रोहित पंडित और लखी हजारी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।