01/05/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
केंदुआ : झारखंड विधानसभा के सचेतक सह राज सिन्हा ने आज पुनः केंदुआडीह कोलियरी क्षेत्र में लगातार हो रही भू-धंसान एवं जमीन धंसने (गोफ) की घटनाओं की सूचना पर प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया. क्षेत्र में लगातार हो रहे धंसान से स्थानीय लोगों में भय, दहशत एवं भारी आक्रोश का माहौल व्याप्त है.विधायक श्री सिन्हा ने “कोयलांचल बचाओ संघर्ष समिति” एवं स्थानीय ग्रामीणों के साथ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पूर्व में बने विशाल गोफ के ठीक बगल में एक नया और बड़ा भू-धंसान हो गया है जिससे पूरा इलाका और अधिक खतरनाक एवं असुरक्षित हो गया है.लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण स्थिति और भयावह बन गई है तथा नए गोफ में बारिश का पानी तेजी से समाहित हो रहा है, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है.विधायक श्री सिन्हा ने जिला प्रशासन, जेआरडीए एवं बीसीसीएल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा एवं स्थायी समाधान के प्रति प्रशासन पूरी तरह असंवेदनशील बना हुआ है.अब तक न तो प्रभावित परिवारों का समुचित पुनर्वास किया गया और न ही भू-धंसान रोकने हेतु कोई ठोस तकनीकी पहल की गई. प्रशासन केवल सड़क बंद कर अपनी जिम्मेदारियों से बचने की कोशिश कर रहा है, जबकि क्षेत्र के हजारों लोगों की जान जोखिम में है.उन्होंने कहा कि कोयलांचल क्षेत्र के लोगों को वर्षों से सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन जमीन पर कोई प्रभावी कार्य नहीं हो रहा.यह स्थिति बीसीसीएल प्रबंधन एवं जिला प्रशासन की घोर लापरवाही और विफलता को दर्शाती है.यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन एवं बीसीसीएल प्रबंधन की होगी.मौके से ही विधायक श्री सिन्हा ने बीसीसीएल के सीएमडी एवं धनबाद उपायुक्त से दूरभाष पर बात कर मामले की गंभीरता से अवगत कराया तथा तत्काल उच्चस्तरीय तकनीकी जांच, प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा घेराबंदी, स्थायी पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन के तहत त्वरित कार्रवाई की मांग की.विधायक की मांग पे उपायुक्त एवं बीसीसीएल सीएमडी ने कल दिनांक 02/05/2026 को तकनीकी विशेषज्ञों एवं अभियंताओं की टीम को भेजने की बात कही।विधायक सिन्हा ने स्पष्ट कहा कि कोयलांचल की जनता की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.विधायक श्री सिन्हा के साथ पार्षद प्रतिनिधि गोविंदा राउत,भोला सिंह,रमेश राय,रामचंद्र प्रसाद,गौरीशंकर सिंह,संजय शर्मा,मोनू पाठक,जाहिद अंसारी,अरविंद सिंह,राहुल कुमार,स्वीटी दास,अनीता देवी,आशा देवी,सुनीता देवी,आत्मा देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी.