04/05/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
केंदुआ : केंदुआडीह कोलियरी के गैस प्रभावित क्षेत्र में जहरीली गैस रिसाव और भू-धसान से उत्पन्न खतरे को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता गहराती जा रही है.इलाके में रह रहे लोगों की जान-माल की सुरक्षा तथा धनबाद–केंदुआ मुख्य मार्ग पर आवागमन सुचारू रखने के उद्देश्य से सोमवार संध्या केंदुआडीह मध्य विद्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.संयुक्त मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता मानस चटर्जी ने की.इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर अपने विचार साझा किए.वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि केंदुआडीह के मुद्दे को अब जनांदोलन का रूप देना आवश्यक हो गया है.बैठक में जानकारी दी गई कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के आलोक में बीसीसीएल प्रबंधन ने झारखंड हाई कोर्ट में केंदुआ क्षेत्र को खाली कराने के लिए रिट याचिका दायर की है.इस पर नेताओं ने कहा कि सभी को दलगत भावना से ऊपर उठकर एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी और कानूनी पहलुओं पर भी गंभीरता से ध्यान देना होगा.सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि राज्य सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप का अनुरोध किया जाएगा तथा सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर पुनर्विचार के लिए याचिका दायर करने की मांग की जाएगी.साथ ही बीसीसीएल प्रबंधन से केंदुआ के मामले में जल्दबाजी न करने की अपील की गई.बैठक में सामाजिक संगठनों और विभिन्न दलों के नेताओं से केंदुआ को उजड़ने से बचाने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया गया.इस अवसर पर मंटू महतो,भगवानदास शर्मा,नरेश पासवान,राहुल गुप्ता,सदानंद बोस,बद्री रविदास,जितेंद्र गुप्ता,राजेश गुप्ता,राजेश मधेशिया,रणजीत आर्या,हीरालाल चौरसिया,राजीव झा,बलराम साव,रामचंद्र राय,उमेश पासवान,रविंद्र गुप्ता,ममता देवी सहित प्रभावित क्षेत्र के दर्जनों महिला-पुरुष उपस्थित थे.