09/05/2026
रिपोर्ट : वरुण. वैध
केन्दुआ : कोयलांचल की लाइफलाइन बचाने और जिला प्रशासन की कथित अनदेखी के खिलाफ धनबाद विधायक राज सिन्हा ने एक बार फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है.शनिवार को 'कोयलांचल बचाओ संघर्ष समिति' के बैनर तले विधायक केन्दुआडीह थाना मोड़ के समीप 24 घंटे के एक दिवसीय अनशन पर बैठ गए. इस दौरान उनके समर्थन में न केवल भाजपा कार्यकर्ता, बल्कि भारी संख्या में स्थानीय व्यापारी और आम जनता भी सड़कों पर उतर आई.मामले की जड़ 15 अप्रैल को धनबाद-रांची मुख्य मार्ग पर हुए भू-धसान से जुड़ी है.विधायक ने बताया कि प्रशासन के आश्वासन पर पिछला धरना इस उम्मीद में समाप्त किया गया था कि 2 मई को समाहरणालय में सार्थक वार्ता होगी.राज सिन्हा ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने वार्ता करना तो दूर, भू-धसान को लेकर कोई सुध तक नहीं ली.पिछले दिनों झमाडा की पाइपलाइन शिफ्टिंग के लिए हुई खुदाई में सिर्फ गीली मिट्टी निकली है.जब झरिया और बस्तकोला में सड़कें बंद नहीं हुईं, तो केन्दुआ की जनता को ही क्यों परेशान किया जा रहा है.विधायक के इस अनशन को व्यापक जनसमर्थन मिला है.धनबाद जिला चेंबर, केन्दुआ पुल चेंबर, लोयाबाद, पुटकी, और केंदुआ छाताटांड़ बाजार चेंबर के साथ-साथ धनबाद जिला थोक वस्त्र विक्रेता संघ और 'युवा प्रयास' जैसी संस्थाओं ने अनशन स्थल पर पहुंचकर अपनी एकजुटता जताई. व्यापारियों का मानना है कि सड़क बंद होने से क्षेत्र का कारोबार पूरी तरह ठप हो जाएगा.विरोधियों को जवाब और भविष्य की चेतावनी आंदोलन को 'नौटंकी' बताने वाले विरोधियों को जवाब देते हुए विधायक ने कहा कि बाते बनाने वाले प्रभावितों का दर्द नहीं समझ सकते.उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस पहल नहीं की, तो वे आमरण अनशन पर बैठने से भी पीछे नहीं हटेंगे.अगले चरण में इस मामले को भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी और राज्य के प्रधान सचिव के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा.अनशन में विधायक के साथ मुख्य रूप से भाजपा नेता रवि सिन्हा, मनोज मलाकार, अनिल सिन्हा, अजय नारायण लाल (जिला चेंबर), राजेश मद्धेशिया (केन्दुआ चेंबर), रंजय सिंह, तमाल राय,उमेश हेलीवाल, आजाद कृष्ण अग्रवाल,रितेश नारनौली, अजय अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल,राम अवतार सिंघल और भारी संख्या में महिला-पुरुष समर्थक मौजूद रहे. विधायक ने साफ कर दिया है कि जब तक सड़क निर्माण और सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं होता, कोयलांचल की जनता के हक की लड़ाई जारी रहेगी.