12/05/2026
धनबाद : गिरिडीह लोकसभा सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी के निर्देश पर उनके सांसद प्रतिनिधि सह आजसू पार्टी के धनबाद जिला प्रधान सचिव रामा शंकर तिवारी ने बीसीसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल से मुलाकात कर गोविंदपुर एरिया-3 अंतर्गत खरखरी कोलियरी में संचालित आउटसोर्सिंग कंपनियों के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई।श्री तिवारी ने आरोप लगाया कि हिलटॉप एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड एवं श्री इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड द्वारा रैयतों को उचित मुआवजा, स्थानीय बेरोजगारों को 75 प्रतिशत नियोजन तथा अन्य सुविधाएं दिए बिना ही जबरन कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनियां प्रशासन और असामाजिक तत्वों के बल पर रैयतों की जमीन की घेराबंदी कर रही हैं। विरोध करने पर मारपीट तथा झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है।मुलाकात के दौरान श्री तिवारी ने बीसीसीएल प्रबंधन से मामले में त्वरित हस्तक्षेप कर सभी मांगों का शीघ्र निष्पादन करने की मांग की। इस पर सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने मांग पत्र पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।श्री तिवारी ने कहा कि आजसू पार्टी रैयतों और स्थानीय बेरोजगारों के हक-अधिकार से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो आजसू पार्टी रैयतों और स्थानीय बेरोजगारों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी बीसीसीएल प्रबंधन, संबंधित आउटसोर्सिंग कंपनियों एवं जिला प्रशासन की होगी।
इस मौके पर आजसू पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष राकेश गयलीगयाली, कौशल किशोर महतो, भवानी सेन गुप्ता, समीत सिंह चौधरी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।