19/05/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
केंदुआ : न्यू गोधर कुसुंडा कोलियरी की गोधर 6 नंबर बस्ती में सोमवार को हुए भू-धंसान के बाद मंगलवार को प्रभावित क्षेत्र में हलचल तेज रही.प्रबंधन ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे गोफ क्षेत्र को कटीले तारों से घेर दिया है. वहीं स्थानीय लोगों में व्याप्त दहशत के बीच रेस्क्यू टीम और सुरक्षा गार्डों की तीनों पालियों में ड्यूटी लगाई गई है.सोमवार को 25 फीट लंबे और 20 फीट चौड़े गोफ से हुए गैस रिसाव ने बीसीसीएल प्रबंधन की नींद उड़ा दी है.प्रबंधन ने गोफ को भरने के लिए ऐना कोलियरी से हाइवा में ओबी मंगाया है.घटनास्थल के पास चौबीसों घंटे रेस्क्यू ट्रेनिंग लिए बीसीसीएल कर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है. बिजली का खंभा गोफ के पास ही है. जो कभी भी भू धसान की चपेट में आ सकता है.बीसीसीएल प्रबंधन नजर रखे हुए है.वही घटना के दूसरे दिन जनता मजदूर संघ बच्चा गुट के महामंत्री अभिषेक सिंह उर्फ गुड्डू सिंह अपने समर्थकों के साथ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया. उन्होंने कुसुंडा जीएम से फोन पर बात कर प्रभावितों की समस्याओं के समाधान की मांग की.उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि जेआरडीए की टीम जीएम ऑफिस में मौजूद है और शिफ्टिंग पर सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं जैसे 2 क्वार्टर और तय राशि का लाभ उठाने की सलाह दी.वार्ड 13 की पार्षद करमी देवी और गुड्डू चौहान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कुसुंडा एरिया जीएम निखिल बी त्रिवेदी से मुलाकात किया. ग्रामीणों ने भूली या घुरनीजोरिया कॉलोनी में शिफ्ट करने की मांग रखी.जिसके बाद जीएम ने इस मांग को असंभव बताते हुए कहा कि वर्तमान धंसान पुराने सर्वे क्षेत्र से महज 50 मीटर दूर है. उन्होंने स्पष्ट किया कि बेलगड़िया में अब पहले से बेहतर सुविधाएं हैं.वहां शिफ्ट होने पर 99 साल की लीज पर दो क्वार्टर और ₹2.5 लाख की सहायता राशि दो किस्तों में मिलेगी.गोधर 6 नंबर बस्ती कई बार भू-धंसान की गवाह रही है.जेआरडीए और जेएमपी अधिकारियों के साथ मिलकर जल्द से जल्द लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया में जुटे है.प्रबंधन ने दो प्रभावित परिवारों को सिलेक्टेड गोधर में शिफ्ट कर दिया है लेकिन अब भी कई घर खतरे की जद में हैं.स्थानीय निवासी जोगिंदर सिंह, ऊषा झा और प्रिया झा के घरों में मोटी दरारें आ चुकी हैं.ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व की घटनाओं के बावजूद प्रबंधन ने समय रहते ठोस पहल नहीं की जिससे आज पूरी बस्ती पर खतरा मंडरा रहा है.मौके पर जेआरडीए अधिकारी संजय कुमार, रमेश महतो,निरंजन पांडेय और अभिनव कुमार के साथ स्थानीय नेता गुड्डू चौहान,श्याम प्रसाद,रमेश रवानी,राजेश गुप्ता,शिवा पासवान सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.